
राजनांदगांव। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे देश में 31 अक्टूबर से 25 नवम्बर तक “यूनिटी मार्च” का आयोजन किया जाएगा। इस पदयात्रा का उद्देश्य सरदार पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुँचाना है।
इसी संदर्भ में आज भाजपा कार्यालय में सांसद संतोष पांडे और भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि सरदार पटेल ने बिखरी हुई रियासतों को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया। उनकी एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना आज भी देश को प्रेरित करती है। इसी उद्देश्य से यूनिटी मार्च आयोजित किया जा रहा है ताकि युवा पीढ़ी सरदार पटेल के विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके।
भाजपा महामंत्री यशवंत जैन ने बताया कि यह यूनिटी मार्च भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। यह पदयात्रा प्रत्येक दिन 10 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और इसके साथ अनेक सामाजिक कार्यक्रम भी होंगे — जैसे एक पेड़ माँ के नाम के तहत वृक्षारोपण, वोकल फॉर लोकल अभियान के तहत महिला सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी, जनसंवाद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम।
बिहार विधानसभा चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद संतोष पांडे ने कहा कि “हरियाणा और महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी भाजपा और नीतीश कुमार की सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर जीत दर्ज करेगी।”
उन्होंने प्रशांत किशोर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “अब उनका इंजन पटरी से उतर गया है।”









































