

केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की दी जानकारी, लाभ दिलाने के लिए आवेदन भी भरवाए
राजनांदगांव। मोर पार्षद मोर द्वार कार्यक्रम के तहत वार्ड क्रमांक 24 शीतला माता क्षेत्र में पार्षद एवं स्वास्थ्य एवं चिकित्सा चेयरमैन शैंकी बग्गा ने 19 सितंबर को वार्डवासियों से घर-घर जाकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर उनके निराकरण के निर्देश दिए।
श्री बग्गा ने वार्डवासियों को अपने घर-आंगन में स्वच्छता बनाए रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी जनता के साथ मिलकर की।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद बच्चों के लिए केंद्र सरकार की मिशन वात्सल्य योजना के तहत हर महीने ₹4000 की सहायता राशि दिलाने हेतु आवेदन फॉर्म भरवाए। वहीं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देकर नागरिकों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा असंगठित व भवन निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए श्रमिक छात्रवृत्ति योजना के आवेदन कराए गए। पार्षद ने श्रमिक परिवारों को केंद्र एवं राज्य सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे श्रमिक औजार सहायता, श्रमिक सुरक्षा उपकरण, साइकिल सहायता, महतारी जतन, श्रमिक नोनी सशक्तीकरण, निशुल्क कोचिंग सहायता और मृत्यु सहायता योजनाओं—की जानकारी दी और आवेदन की प्रक्रिया करवाई।
पार्षद ने नागरिकों को पीएम आवास योजना, मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना और पीएम सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभों से अवगत कराया। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भौतिक सत्यापन “Beneficiary Satyapan App” से वार्डवासियों के घर पहुंचकर पूरा करवाया।
कार्यक्रम में बीपीएल परिवारों को हर महीने ₹500 की पेंशन, वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड तथा जरूरतमंदों को आयुष्मान कार्ड मौके पर बनाकर दिए गए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर उन्होंने नागरिकों को संगठन की जानकारी दी और पथ संचलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
पार्षद शैंकी बग्गा ने कहा कि “जनमानस की सेवा करना मेरा धर्म है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए मैं निरंतर प्रयासरत हूं।”









































