
वर्षो से किराये में निवासरत परिवारों का स्वयं के आवास का सपना हुआ साकार
पूर्व में 76 हितग्राहियों को मिला स्वयं का आवास
शेष पात्र हितग्राहियों को राशि जमा उपरांत मिलेगा आवास
राजनांदगांव 5 अक्टूबर। देश के प्रत्येक परिवार के सर पर पक्की छत हो इस सोच को सकार करने के लिये प्रधानमंत्री आवास योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है, क्रियान्वयन की इस कडी में छत्तीसगढ शासन की संवेदनशील पहल मोर मकान मोर आस योजना के तहत आम आदमी के आवास का सपना सकार करने किरायेदारों के रूप में निकाय क्षेत्र के परिवारों को उनका स्वयं का अपना आवास मात्र लागत मूल्य पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
योजना के क्रियान्वयन एवं जनमानस को योजना का लाभ देने नगर निगम द्वारा प्रक्रिया कर आवेदन आमंत्रित किया गया। प्राप्त आवेदनों में पात्र हितग्राहियों को निगम आयुक्त श्री अभिषेक गुप्ता के निर्देश पर दिनांक 5 अक्टूबर 2023 को नगर निगम सभागृह में डिप्टी कलेक्टर श्री गौतम पाटिल, उपायुक्त श्री मोबिन अली, कार्यपालन अभियंता व योजना के नोडल अधिकारी श्री यू.के.रामटेके की उपस्थिति में लाटरी के माध्यम से 14 पात्र हिग्राहियों को आवास का आबंटन किया गया। पूर्व में 76 पात्र ंिहतग्राहियों को आवास आबंटन कर योजना का लाभ दिया गया है।
नोडल अधिकारी श्री रामटेके ने बताया कि उक्त योजना के तहत 697 आवेदन प्राप्त हुये थे, प्राप्त आवेदन में से पात्र 401 आवेदकों की सूची जारी की गयी थी। जिनमें राशि जमा उपरांत पूर्व में 76 पात्र हितग्राहियांे को आवास आबंटित किया गया था, और आज 14 हितग्राहियों को लाटरी के माध्यम से आवास आबंटन किया जा रहा है। इसके अलावा उपरोक्त पात्र सूची में से आवेदकों द्वारा परियोजना अनुरूप राशि जमा किये जाने उपरांत 10 या 10 से अधिक हितग्राही पाये जाने पर लाटरी की प्रक्रिया कर निरंतर आवास आबंटन किया जायेगा।
श्री रामटेके ने बताया कि रेवाडीह में निर्मित 340 पूर्ण आवास में 5, मोहारा में निर्मित 340 पूर्ण आवास में 4 इस प्रकार कुुल 9 हितग्राही के स्वयं के आवास का सपना सकार हुआ। इसी प्रकार व्यवस्थापन के तहत मोती तालाब के उपर निवासरत 4 परिवारों को रेवाडीह मे निर्मित 340 यूनिट में एवं डबरी पारा झुग्गी बस्ती क्षेत्र की वृद्ध महिला को लखोली में निर्मित 304 यूनिट आवासों मंे विधिवत आवास प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि हितग्राहियों को 1 माह के कार्य दिवस में आवास आबंटन पत्र दिया जायेगा। साथ ही पात्र हितग्राही जो इस लाटरी में शामिल नहीं हो पाये उन्हें राशि जमा उपरांत पुनः लाटरी कर आवास का आबंटन किया जायेगा तथा जो आवेदक बैक से ऋण लेना चाहते है उन्हें ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करायी जा रही है।
उपायुक्त श्री मोबिन अली ने आवास प्राप्त करने वाले सभी परिवारों को बधाई देते हुये कहा कि आज वर्षो से आप लोग किराये के मकान में निवास कर रहे थे, लेकिन आज शासन की योजना के तहत अब आप किराये के मकान से मुक्त होकर अपने स्वयं के आवास का सपना सकार करेंगे। शेष पात्र हितग्राहियो को भी राशि जमा उपरांत आवास का लाभ दिया जायेगा। इस अवसर पर योजना के सी.एल.टी.सी श्री अंकुर मिश्रा व श्री ललित मानकर तथा राजेन्द्र रामटेके सहित हितग्राही उपस्थित थे।









































