
राजनांदगांव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विश्व ब्राह्मण महिला मंडल, राजनांदगांव ने गंज चौक स्थित बालाजी मंदिर के समीप राम रसोई प्रांगण में नंद महोत्सव का भव्य आयोजन किया। प्रतिवर्षानुसार आयोजित इस महोत्सव का संचालन मंडल की जिला अध्यक्ष मौसमी शर्मा एवं स्वीटी शर्मा के नेतृत्व में हुआ।
महोत्सव के दौरान प्रांगण में “मथुरा-वृंदावन” का अलौकिक वातावरण साकार हो उठा। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से आरंभ हुआ, जिसमें भक्तिमय, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य आकर्षण में कृष्ण जन्मोत्सव, कृष्ण लीलाएं, राधा-अष्ट सखियों की झांकी, युवतियों का मयूर नृत्य तथा महिलाओं द्वारा प्रस्तुत महारास प्रमुख रहे। वहीं भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
बच्चों के लिए दही हांडी सजाओ एवं बांसुरी सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि महिलाओं के लिए सजीली राधा प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र बनी, जिसमें प्रतिभागियों ने प्राकृतिक पुष्पों से श्रृंगार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। इसके अलावा कृष्ण-यशोदा पर आधारित जीवंत झांकी ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।

आयोजकों ने बताया कि महिलाएं अपने-अपने ठाकुरजी को सजाकर लाई थीं और छप्पन भोग प्रसाद अर्पित कर उत्सव को और भी भव्य बनाया।
नंद महोत्सव को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और भक्तों ने परंपरा, संस्कृति एवं भक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

इस अवसर पर विश्व ब्राह्मण महीला मंडल के द्वारा नंदोत्सव में विशेष रूप से पूर्व महापौर हेमा देशमुख , मौसमी शर्मा, मधु जैन, शारदा तीवारी, स्वीटी, रंजना , मीना, प्रियंका , प्रीति , माया,ममता ,मनीषा , सविता, दीपा, शीतल,तुईषा, कीर्ति, अर्चना, ज्योति, मधु, विद्या, सीमा, सरिता, दुर्गी, लक्ष्मी, श्रद्धा, दीपिका, संगीता सहित महिला मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।









































