राजनांदगांव राजस्व की वसूली ,बकायेदारो के खिलाफ नल और बिजली काटने का असर ,फरवरी माह में एक करोड़ रुपए वसूली…

राजनांदगांव – मार्च का माह शुरू होने के साथ ही सरकारी विभागों ने राजस्व वसूली के लिए ऐसा अभियान चलाया है कि दुकान और मकानों की कुर्की के साथ-साथ नल और बिजली कनेक्शन काटने का दौर शुरू होने से बकायेदारो में खौफ की स्थिति निर्मित हो गयी है। यही कारण है कि निगम और सीएसईबी के बकायेदारों द्वारा थोक में राजस्व जमा कराया जा रहा है। इधर राजस्व वसूलने के लिए सरकारी विभागों के जमीनी कर्मी डोर-टू-डोर जाकर पसीना भी बहा रहे हैं। अफसरों का कहना है कि मार्च में लक्ष्य के मुताबिक राजस्व की वसूली हो जाएगी।

Advertisements

राज्य शासन ने राजस्व की वसूली के लिए तमाम विभागों को टारगेट दिया है। मार्च के अंतिम दिनों तक सरकारी विभागों को राजस्व की वसूली शत-प्रतिशत करनी है, लेकिन बकायेदार राजस्व जमा करने में रूचि नहीं दिखा रहे हैं। यही कारण है कि प्रशासनिक अफसरों ने अब सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम में बकायेदारों से वसूली के लिए पिछले एक माह से लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी करीब 61 फीसदी टारगेट पूरा हो सका है। यही कारण है कि आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी लगातार राजस्व निरीक्षकों की बैठक ले रहे हैं और अब उन्होंने बकायेदारों के खिलाफ कुर्की के आदेश भी जारी कर दिए हैं।

एक माह में एक करोड़ की वसूली

सीएसईबी के राजनांदगांव संभाग में बकायेदारो के खिलाफ लाईन काटने का असर दिखाई दे रहा है। इस साल साढ़े सात करोड़ रुपए वसूली का लक्ष्य निर्धारित था। जिसके विरूद्ध अभी तक पौने चार करोड़ रुपए वसूले गए है। वहीं लगातार अभियान के कारण फरवरी माह में विभाग ने एक करोड़ रुपए की बकाया वसूली की। इस माह 12 दिनों में बकायेदारों ने 50 लाख रुपए का बकाया बिजली बिल जमा किया है।