
राजनांदगांव। आंध्रप्रदेश के नंदयाल जिले में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों की कुल 36 टीमों ने भाग लिया, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य की 4 टीमों के 48 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

छत्तीसगढ़ की टीमों ने फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं बैडमिंटन में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान हासिल कर शानदार सफलता अर्जित की। इसके अलावा खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद गृह प्रदेश लौटने पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के सम्मानित अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज अपने निज निवास में सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का सम्मान किया। इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और अनुशासन से देशभर में छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत की है। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक भी उपस्थित रहे। सम्मान समारोह का संचालन राजनांदगांव भाजयुमो के जिला अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने किया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी भी मौजूद रहे।









































