राजनांदगांव: वार्ड निरीक्षण के लिए महापौर सुबह पहुचे दुर्गा चौक हीरामोती लाईन,पानी की समस्या के समाधान हेतु दिये निर्देश…

राजनांदगांव 25 मार्च। वार्ड निरीक्षण की कडी में एवं पानी समस्या पर वार्ड क्र. 39 स्थित दुर्गा चौक में जनसमस्याओं के निराकरण हेतु सक्रियता दिखाते हुए महापौर श्री मधुसूदन यादव वार्ड पहुंचे। निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य श्री शैकी बग्गा, लोककर्म विभाग के प्रभारी सदस्य श्री सावन वर्मा, वार्ड पार्षद रवि सिन्हा, पार्षद श्री सतीश साहू, पूर्व पार्षद श्री शरद सिन्हा व श्री अजय श्रीवास्तव तथा रितेश देवांगन के साथ वार्ड का व्यापक भ्रमण कर नागरिकों से सीधा संवाद किया और विशेष रूप से पेयजल की समस्या को सुन निराकरण करने अधिकारियो को निर्देशित किए।


महापौर श्री यादव के वार्ड नं. 39 पहुचने पर स्थानीय नागरिकों ने गर्मी के मौसम में बढ़ती पानी की किल्लत से अवगत कराया, जिस पर महापौर ने तत्परता दिखाते हुए समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित करते हुए वार्ड के पेयजल समस्या वाले तीन प्रमुख स्थानों पर बोरिंग में समर्सिबल पंप तथा पानी की टंकी लगाने की तत्काल कार्रवाई करने कहा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए परेशान नहीं होना पड़े, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस पहल से वार्डवासियों को शीघ्र ही राहत मिलेगी और जल संकट से निजात मिलेगी।


पार्षद रवि सिन्हा ने इस त्वरित निर्णय के लिए महापौर श्री यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर वार्ड के नागरिकों ने भी जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार की त्वरित कार्रवाई से उन्हें काफी राहत मिलेगी।