राजनांदगांव: विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस पर CRC राजनांदगांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

राजनांदगांव। राष्ट्रीय बौद्धिक दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान के प्रशासनिक नियंत्रण अंतर्गत समग्र क्षेत्रीय केंद्र (CRC) राजनांदगांव द्वारा विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेंट्रल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंसेज (CIIMHANS), देवादा तथा कमला कॉलेज, राजनांदगांव के मनोविज्ञान विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ।


कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना (निदेशक, CRC), डॉ. रोहित (सहायक प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष, क्लिनिकल साइकोलॉजी), सुश्री चित्रा (PSW, CIIMHANS), श्री रविश (नर्सिंग कॉलेज, CIIMHANS) एवं सुश्री भूमिका पांडेय (शिक्षिका, कमला कॉलेज) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।


निदेशक द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया गया, जिसके पश्चात अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार साझा किए। डॉ. रोहित ने विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस पर व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए डाउन सिंड्रोम से ग्रसित व्यक्तियों के प्रति समाज में जागरूकता, समावेशन एवं सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।


कार्यक्रम के अंतर्गत PMDK विभाग द्वारा सुश्री चुनमुन मोहंती (प्रोस्थेटिस्ट एवं ऑर्थोटिस्ट) के मार्गदर्शन में 7 टीचिंग लर्निंग मैटेरियल (TLM) किट लाभार्थियों को वितरित किए गए। वहीं, RVY योजना के तहत 30 मरीजों को एल.एस. ब्रेसेस, घुटने के ब्रेसेस, वॉकिंग स्टिक एवं हियरिंग एड्स जैसे सहायक उपकरण प्रदान किए गए।


जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कमला कॉलेज एवं CRC के विद्यार्थियों ने OPD क्षेत्र में 21वें गुणसूत्र के पैटर्न को दर्शाते हुए मानव श्रृंखला बनाई। CIIMHANS के विद्यार्थियों द्वारा नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से भी डाउन सिंड्रोम से जुड़ा संदेश दिया गया।


सांस्कृतिक कार्यक्रम में D.Ed विशेष शिक्षा (IDD) एवं DISLI द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। श्रीमती पूजा साहू के मार्गदर्शन में लाभार्थियों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही, छात्रों द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस दौरान दो लाभार्थियों को DISHA पाठ्यक्रम की पुस्तकें भी वितरित की गईं।


कार्यक्रम में सांकेतिक भाषा अनुवाद का दायित्व सुश्री रोशनी बकोडे ने निभाया, जबकि मंच संचालन सुश्री चांदिनी पटनिनी एवं सुश्री फरीदा बेगम द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल समन्वय सुश्री निधि राजन ने किया।