
– विशेष शिविर लगाकर बनाया जाएगा आयुष्मान कार्ड
राजनांदगांव 19 जनवरी 2024। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में 20 जनवरी 2024 को शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए एक दिवसीय महाअभियान चलाया जाएगा।
कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत विभाग, नगरीय निकाय, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं जिले में संचालित समस्त च्वॉइस सेंटर संचालकों से समन्वय कर आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए जिले के शेष सभी छूटे पात्र राशन कार्डधारी हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं।
एक दिवसीय महाअभियान अंतर्गत जिले में संचालित शासकीय स्वास्थ्य सुविधा केन्द्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, शासकीय स्कूलों, च्वॉइस सेंटरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राम पंचायतों में 20 जनवरी 2024 को विशेष शिविर का आयोजन कर आयुष्मान कार्ड पंजीयन कराया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सचिव व रोजगार सहायक द्वारा, आंगनबाड़ी केन्द्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा, शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों का स्कूल में पदस्थ शिक्षकों द्वारा, समस्त शासकीय स्वास्थ्य सुविधा केन्द्रों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा तथा समस्त च्वॉइस सेंटरों में सीएससी-वीएलई द्वारा शिविर आयुष्मान कार्ड पंजीयन का कार्य किया जाएगा।
जिले में आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए पात्र राशन कार्डधारी हितग्राहियों की कुल संख्या 9 लाख 37 हजार 958 है। इनमें से 8 लाख 12 हजार 642 पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड हेतु पंजीयन कर दिया गया है, जो निर्धारत लक्ष्य के विरूद्व 86.63 प्रतिशत हैं। शिविर में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए नागरिकों को राशन कार्ड एवं आधार कार्ड लेकर आना आवश्यक होगा। आयुष्मान कार्ड पंजीयन की प्रक्रिया पूर्णत: नि:शुल्क हैं।
परिवार के सभी सदस्यों का अलग-अलग आयुष्मान भारत कार्ड बनाया जाएगा, परिवार के सभी सदस्यों के साथ अपने क्षेत्र के नजदिकी शिविर स्थल पर में जाकर आयुष्मान भारत कार्ड बनवा सकते है। ऐसे हितग्राही जिनका आधार कार्ड अपडेट नहीं हुआ हैं, जैसे वर्तमान मोबाईल नम्बर, अंगुठे का निशान एवं वर्तमान फोटो इत्यादि के परिजनों से अनुरोध हैं, कि आधार कार्ड अपडेट करवाने हेतु नजदीकी के च्वॉइस सेंटर में जाकर तुरंत आधार कार्ड अपडेट कराएं,
जिससे भविष्य में आयुष्मान कार्ड का पंजीयन किया जा सके। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत पात्र बीपीएल परिवारों को 5 लाख रूपए एवं शेष परिवार अर्थात् एपीएल परिवारों को डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत 50 हजार रूपए तक का लाभ योजना के दिशा-निर्देशानुसार योजनांतर्गत पंजीकृत किसी भी शासकीय एवं निजी चिकित्सालय में आयुष्मान कार्ड द्वारा नि:शुल्क ईलाज का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत प्रात्रतानुसार ईलाज के दौरान बीमा राशि खत्म होने के उपरांत मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अंर्तगत 25 लाख रूपए तक आयुष्मान कार्ड द्वारा नि:शुल्क ईलाज का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। योजना के संबंध में अधिक जानकारी हेतु टोल फ्री नम्बर 104 पर या निकटतम स्वास्थ्य सुविधा केन्द्रों में संपर्क किया जा सकता हैं।









































