राजनांदगांव : शासन की महती योजना राजीव युवा मितान व बेरोजगारी भत्ता के सफल क्रियान्वयन सहित राजस्व वसूली मे तेजी लाने के दिये निर्देश…

आयुक्त ने ली राजस्व विभाग की बैठक

राजनांदगांव 12 जून। निगम आयुक्त श्री अभिषेक गुप्ता अपने कक्ष में राजस्व विभाग की बैठक लेकर शासन की योजना राजीव युवा मितान क्लब योजना, बेरोजगारी भत्ता योजना, मितान योजना के प्रगति की जानकारी लेकर राजस्व वसूली मे तेजी लाने के निर्देश राजस्व निरीक्षक एवं सभी राजस्व उप निरीक्षकों को दिये।


आयुक्त श्री गुप्ता ने बैठक में कहा कि राजीव युवा मितान क्लब योजना की समीक्षा में अब तक वार्डो में गठित समिति व जारी किश्त की राशि की जानकारी ली, साथ ही मितान योजना की प्रगति व बेरोजगारी भत्ता मे दिये जा रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली। राजस्व अधिकारी श्री भूपेन्द्र वाडेकर ने जानकारी देते हुए बताया कि, 51 वार्डो में शासन निर्देशानुसार समिति का गठन किया गया है।

42 वार्डो में प्रथम किश्त की राशि 25-25 हजार रूपये दिया जा चुका है एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्धता के आधार पर 9 वार्डो में द्वितीय किश्त भी जारी की जा चुकी है। आयुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि, शेष वार्डो से उपयोगिता प्रमाण पत्र लेकर किश्त जारी करने प्रक्रिया करें।


आयुक्त श्री गुप्ता ने बेरोजगारी भत्ता योजना के प्रगति एवं मितान योजना के प्रगति की समीक्षा की। श्री वाडेकर ने बताया कि, बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत् लगभग 1 हजार युवाओं को योजना का लाभ दिया गया है। वर्तमान में 30 युवाओं के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन हेतु 14 जून को बुलाया गया है।

साथ ही मितान योजना के तहत् जन्म-मृत्यु, विवाह, गोमास्ता लायसेंस आदि 14545 पर काॅल करने पर मितान के द्वारा घर-घर जाकर दस्तावेज एकत्रित कर प्रमाण पत्र बनाकर घर पहुंचाया जा रहा है। आयुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि, शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, इसका गंभीरता पूर्वक क्रियान्वयन करें ताकि लोगो को इसका लाभ मिल सकें।


आयुक्त श्री गुप्ता ने राजस्व वसूली के संबंध में वार्ड वार वसूली की जानकारी ली, उन्होने कहा कि, डिमांड दुरूस्त कर डिमांड के विरूद्ध सतप्रतिशत वसूली करें। वसूली हेतु कार्यालय के अलावा प्रतिदिन घर-घर जावें तथा भवन नजूल विभाग से नियमित रूप से खुली प्लाटों, नवनिर्मित भवनों व काॅलोनियों की जानकारी लेकर डिमांड तैयार करें तथा डिमांड के विरूद्ध वसूली करें। इसी प्रकार नल कनेक्शन की जानकारी जल विभाग से लेकर जलकर वसूलना सुनिश्चित करें।


आयुक्त श्री गुप्ता ने दुकान किराया, मुख्यमंत्री स्वालंबन योजना दुकान किराया,अटल आवास योजना के किराये की वसूली की जानकारी लेकर नियमित वसूली के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि, जिन दुकानों के आबंटन उपरांत अनुबंध नही हुआ है, उसका अनुबंध करायें। जिनके द्वारा अनुबंध नही कराया जा रहा है, उन्हे नोटिस जारी करें। अनुबंध उपरांत किराया वसूली करना सुनिश्चित करें।

जिन दुकानदारों के द्वारा कई माह का किराया नहीं दिया गया है, उनसे सम्पर्क कर किराया वसूली करें तथा नव निर्मित दुकानों एवं शेष दुकानों की नीलामी कराये, जिससे राजस्व आय में वृद्धि हो सकें। उन्होंने कहा कि दुकानों से संबंधित दुकान किराया, अनुबंध, लीज अवधि में वृद्धि संबंधी सूची तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करें। बैठक में उपायुक्त श्री मोबीन अली सहित राजस्व उप निरीक्षक उपस्थित थे।