राजनांदगांव: सहायक उपनिरीक्षक नरेन्द्र तिवारी को सेवानिवृत्ति पर ससम्मान विदाई…

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (स.उ.नि.) नरेन्द्र तिवारी के सेवानिवृत्त होने पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी और उनके दीर्घ, उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


समारोह में अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स.उ.नि. नरेन्द्र तिवारी ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण भाव से दायित्वों का निर्वहन किया, जो विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।


उल्लेखनीय है कि श्री तिवारी अपने सेवाकाल में थाना अंबागढ़ चौकी, औंधी, छुईखदान, छुरिया तथा एसडीओपी कार्यालय गंडई सहित पुलिस कार्यालय की शाखा ओएम एवं आईयूसीएडब्ल्यू में पदस्थ रहे। विभिन्न स्थानों पर उन्होंने जिम्मेदारीपूर्वक सेवाएं दीं, जिसकी विभागीय स्तर पर सराहना की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, डीएसपी श्री के.पी. मरकाम, रक्षित निरीक्षक श्री लोकेश कसेर, मुख्य लिपिक श्री दरवेश कामड़े सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री तिवारी के स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं दीं।