राजनांदगांव: सोमनी में अवैध प्लॉटिंग के नाम पर चयनात्मक कार्रवाई, भाजपा नेता को बचाने की कोशिश – अभिमन्यु उदय मिश्रा…

क्या भाजपा का गमछा ओढ लेने से मनमानी करने का लाइसेंस मिल जाता है ?

क्या भाजपा का झंडा लगा लेने से सभी अवैध कार्य वैध हो जाते हैं ?

​राजनांदगांव। प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने ग्राम सोमनी (राजनांदगांव) में प्रशासन द्वारा की गई हालिया ‘बुलडोजर कार्रवाई’ पर कड़ा प्रहार किया है, उन्होंने इसे ‘चयनात्मक न्याय’ और सत्ता के अहंकार का प्रतीक बताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में कानून का राज नहीं, बल्कि “चेहरा देखकर कार्रवाई” करने का नया और खतरनाक चलन शुरू हो गया है। उन्होंने साफ तौर पर आरोप लगाया कि राजनांदगांव प्रशासन भाजपा के जिला कार्यालय की तरह काम कर रहा है।


​कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट द्वारा प्रशासन और सरकार से कुछ सवाल किए जैसे केवल ​भाजपा नेता को ‘अभयदान’ क्यों?
श्री मिश्रा ने सवाल खड़ा किया कि ग्राम सोमनी के भाजपा नेता कृष्णा तिवारी के विरुद्ध 2025 से खसरा नंबर 182/57 पर अवैध प्लॉटिंग, सरकारी नहर के पाइप को फर्जी रास्ता बताकर जमीन बेचने और निर्दोष खरीदारों को सड़क, नाली, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखने की लिखित शिकायत जिलाधीश के समक्ष लंबित है।

आखिर क्या कारण है कि महीनों बीत जाने के बाद भी भाजपा नेता के अवैध साम्राज्य पर प्रशासन का बुलडोजर ‘पंचर’ हो जाता है? क्या भाजपा का झंडा लगा लेने से सारे अवैध कार्य वैध हो जाते हैं?


​प्रशासन का दोहरा मापदंड और भेदभाव: एक तरफ सोमनी में नवीन जैन की 6 एकड़ निजी भूमि पर, जहाँ एनओसी और जल संसाधन विभाग की अनुमतियों का दावा किया जा रहा है, प्रशासन ने बिना किसी ठोस जांच या मुआवजे के आनन-फानन में बुलडोजर चला दिया।

वहीं दूसरी ओर, भाजपा नेता द्वारा शासकीय नहर की भूमि और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले मामले में प्रशासन ‘कुंभकर्णी नींद’ में सोया हुआ है। यह दोहरा मापदंड लोकतंत्र की हत्या है।


​भ्रष्टाचार और राजनीतिक दबाव का खेल: अभिमन्यु उदय मिश्रा ने कहा कि नवीन जैन के परिजनों (प्रवीण जैन) का पक्ष स्पष्ट है कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन पर केवल घेराबंदी कर रहे थे। प्रशासन ने बिना किसी अंतिम नोटिस या पक्ष सुने कार्रवाई कर तानाशाही का परिचय दिया है। यह कार्रवाई केवल जनता का ध्यान भटकाने और भाजपा नेताओं के अवैध कार्यों पर परदा डालने की एक “दिखावटी मशक्कत” मात्र है।


प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार को सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि ​”प्रशासन भाजपा के ‘कठपुतली’ की तरह व्यवहार करना बंद करे। यदि आगामी 48 घंटों के भीतर भाजपा नेता कृष्णा तिवारी की उस विवादित और अवैध प्लॉटिंग पर वही बुलडोजर नहीं गरजा जो आम लोगों की जमीनों पर चलता है, तो हम सड़क पर उतरकर जिले भर में हो रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ आंदोलन करेंगे ।

हम जनता के साथ हो रहे इस भेदभाव और सत्ताधारी दल के नेताओं के ‘भू-माफिया’ वाले चरित्र को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
​श्री मिश्रा ने अंत में कहा कि हम कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और भेदभावपूर्ण कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हैं ।