राजनांदगांव: हत्या के प्रयास के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, चिचोला पुलिस की त्वरित कार्रवाई…

राजनांदगांव। चिचोला चौकी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पिनकापार निवासी टिकम साहू (42 वर्ष) ने 25 फरवरी 2025 को चौकी चिचोला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके चाचा विवेकी दास, राजेश साहू एवं मिथलेश साहू ने धान के हिस्से के पैसे को लेकर विवाद करते हुए उनके पिता गोवर्धन साहू के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि तीनों ने मिलकर गोवर्धन साहू को कमरे से बाहर खींचकर लकड़ी के डंडे से मारपीट की, जिससे उनके चेहरे और आंखों के पास चोटें आईं।


प्रार्थी ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान हेमिन साहू भी मौके पर पहुंची और विवाद में शामिल हो गई। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी श्री केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों— (1) विवेकी दास (48 वर्ष), (2) मिथलेश साहू (26 वर्ष), (3) राजेश साहू (35 वर्ष) एवं (4) हेमिन साहू (45 वर्ष), सभी निवासी ग्राम पिनकापार—को विधिवत गिरफ्तार किया।


आरोपियों को माननीय न्यायालय राजनांदगांव में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक योगेश पटेल सहित चौकी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।