
राजनांदगांव। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर की उपस्थिति में निकले इस फ्लैग मार्च में लगभग 300 पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल हुए।
फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस लाइन राजनांदगांव से हुई, जो गुरुद्वारा चौक, मानव मंदिर चौक, आजाद चौक, भारत माता चौक और गंज चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय उत्पन्न करना बताया गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने कहा कि होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर में 100 से अधिक फिक्स प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे तथा 50 से अधिक पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त करेंगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और ड्रोन कैमरों के माध्यम से शहर की निगरानी की जाएगी।
इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शहर में सादी वर्दी में पुलिस बल एवं महिला पुलिस टीम भी तैनात रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से होली पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। जबरन रंग लगाने, अभद्र व्यवहार करने और विवाद की स्थिति से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने का आग्रह किया गया है।
यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने की हिदायत दी गई है। नाबालिगों को वाहन न चलाने देने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा तेज गति व स्टंटबाजी से बचने की अपील की गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना को देने को कहा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए होली को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।









































