राजनांदगांव: होली से पहले यातायात पुलिस की सख्ती: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 3 ट्रक चालक पकड़े…

राजनांदगांव। होली पर्व के मद्देनजर सड़क सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से राजनांदगांव यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप के नेतृत्व में 2 मार्च 2026 को संचालित किया गया।


अभियान के दौरान शराब सेवन कर वाहन चला रहे 3 ट्रक चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। इस धारा के अंतर्गत न्यायालय द्वारा न्यूनतम 10 हजार रुपये या उससे अधिक का जुर्माना लगाया जाता है।


इसके अलावा बिना नंबर प्लेट वाले वाहन चालकों, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की गई।


यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली के दौरान दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही सड़क पर स्टंट राइडिंग एवं अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न करने से बचें।


पुलिस ने कहा है कि होली जैसे पावन पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और यातायात नियमों का पालन करें। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी जानलेवा हो सकता है। भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे।