
राजनांदगांव। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरे शहर में यह अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

भाजपा के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने बताया कि यह अभियान शहर के सभी 51 वार्डों में एक साथ संचालित किया जाएगा। इस दौरान लखोली दुर्गा चौक गांधी प्रतिमा, पुराना बस स्टैंड गांधी प्रतिमा, मोतीपुर गांधी चौक गांधी प्रतिमा सहित कई प्रमुख स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहाँ भाजपा नेता, कार्यकर्ता, वार्ड पार्षद और नगर निगम के सफाईकर्मी मौजूद रहेंगे।
नागरिकों से अपील करते हुए शिव ने कहा गांधी जी का सपना था स्वच्छभारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस सपने को साकार करने के लिए स्वच्छ भारत मिशन शुरू किया है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने शहर को साफ- सुथरा रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है बल्कि लोगों में स्वच्छता की आदत डालने का प्रयास है।
सभी पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने और सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा को विश्वास है कि 2 अक्टूबर को पूरा शहर नए स्वरूप में नज़र आएगा और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
स्वच्छता अभियान प्रभारीगण में शिव वर्मा (प्रभारी), शेंकी बग्गा (सह- प्रभारी), रघुवीर वाधवा (सह- प्रभारी), हकीम खान (सह- प्रभारी), मनोज निर्वाणी (सह- प्रभारी), मुन्ना निषाद (सह- प्रभारी), ईशान शर्मा (सह- प्रभारी) आदि शामिल हैं।









































