
राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र में मेडिकल स्टोर में हुई चोरी का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक आरोपी सहित विधि के विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
मामला सृष्टि कॉलोनी स्थित श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर का है, जहां अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर नगदी, सीसीटीवी कैमरा, मोबाइल और बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी। प्रार्थी डालेश कुमार की रिपोर्ट पर बसंतपुर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में टीम गठित की गई। रात्रि पेट्रोलिंग और गश्त प्वाइंट पर तैनात पुलिस की मुस्तैदी से संदिग्धों की पहचान पहले ही कर ली गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी अजय उर्फ बोचकू यादव और दो विधि के विरुद्ध बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल, सीसीटीवी कैमरा और मोबाइल बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अजय यादव आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट, आगजनी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।










































