
राजनांदगांव पुलिस ने अवैध रूप से संचालित कबाड़ी कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। लगातार मिल रही शिकायतों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में 7 विशेष टीमों का गठन कर 7 अप्रैल को यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने कोतवाली, सोमनी और चौकी चिखली क्षेत्र के कुल 7 अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, वाहन के पार्ट्स, नंबर प्लेट, इंजन, साइकिल, सिलेंडर सहित अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से लगभग 32 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जप्त करने में सफलता हासिल की।
चिखली क्षेत्र में एक कबाड़ी यार्ड से करीब 11 लाख रुपये का 17 हजार किलो से अधिक लोहे का सामान जब्त किया गया, वहीं दूसरे स्थान पर वाहन के इंजन, चेसिस और नंबर प्लेट सहित करीब 5 लाख रुपये की सामग्री बरामद हुई। इसके अलावा सोमनी और कोतवाली क्षेत्र के अन्य कबाड़ी दुकानों में भी छापेमारी कर लाखों रुपये के अवैध सामान जब्त किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने और अवैध कारोबार को खत्म करने के उद्देश्य से की गई है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहने की बात कही गई है।










































