जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्टर-एसपी ने मौन धारण कर दी श्रद्धांजलि
रायपुर 25 मई 2021/कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आज आठ साल पहले 25 मई 2013 को बस्तर के झीरमघाटी में राज्य के वरिष्ठ नेताओं, जवानों तथा आम नागरिक नक्सलीे हमले में शहीद हो गए थे। उक्त घटना में शहीद हुए लोगों को आज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल सहित प्रदेश के मंत्रिमण्डल के सदस्यों एवं सभी जिलों के जनप्रतिनिधियों व अधिकरियों के द्वारा वर्चुअल माध्यम से एक साथ श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह काला दिन के रूप में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने शहीद हुए नेताओं और जवानों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित वर्चुअल शोक कार्यक्रम में विधायक मोहन मरकाम, बृहस्पति सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार द्वय विनोद वर्मा और राजेश तिवारी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित थे।
इसी तरह रायपुर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए सांसद छाया वर्मा,विधायक सत्यनारायण शर्मा, महापौर ऐजाज ढेबर, जिला पंचायत अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा सहित संभागायुक्त ए. कुलभूषण टोप्पो,आई जी आनंद छाबड़ा, कलेक्टर डॉ एस. भारती दासन,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार यादव और ए डी एम एन. आर.साहू ने वर्चुअल तौर पर शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दो मिनट का मौन व्रत रखकर झीरमघाटी घटना में शहीदो के प्रति शोक प्रकट किया।












































