back to top

राजनांदगांव: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में जिले ने हासिल की बेहतर प्रगति…

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिले में खरीफ 2026 में 1 लाख 42 हजार 333 हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों का बीमा कराया गया है।

Advertisements

इस वर्ष की मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग द्वारा बीमा कंपनी के सहयोग से जिले की ग्राम पंचायतों में सघन फसल बीमा अभियान चलाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम मिले है। धान सिंचित क्षेत्र में 30 हजार हेक्टेयर तथा धान असिंचित क्षेत्र में 1 लाख 11 हजार हेक्टेयर क्षेत्र का बीमा हुआ है।

इसके अलावा सोयाबीन में 504 हेक्टेयर तथा अरहर में 64 हेक्टेयर क्षेत्र बीमित हुआ है। शेष क्षेत्र में उड़द, मूंग एवं अन्य खरीफ फसलों का भी बीमा कराया गया है। सघन अभियान के परिणामस्वरूप खरीफ 2026 में धान सहित विभिन्न खरीफ फसलों के बीमा क्षेत्र में गत वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

गत वर्ष लगभग 1 लाख 38 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों का बीमा हुआ था, जबकि इस वर्ष 4 हजार से अधिक हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र को फसल बीमा के दायरे में लाया गया है। खरीफ 2026 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 5 लाख 24 हजार 984 ऋणी किसान के आवेदन एवं 22 हजार 501 अऋणी किसान के आवेदन प्राप्त हुए हैं।

जिसके माध्यम से लगभग 1 लाख 13 हजार 300 किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है। इन किसानों की फसलों के बीमा के लिए कुल 15 करोड़ 8 लाख 49 हजार 338 रूपए प्रीमियम राशि के रूप में बीमा कंपनी को प्राप्त हुई है।


कृषि विभाग द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर किए गए व्यापक प्रचार-प्रसार, किसानों से सीधे संपर्क तथा बीमा कंपनी के मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से किसानों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों और उनके फसल क्षेत्र को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाकर प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम से होने वाले संभावित फसल नुकसान के विरूद्ध किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।

Advertisements

You cannot copy content of this page