
राजनांदगांव,डोंगरगांव। नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिक्षक को गिरफ्तार किया है। नाबालिग पीड़िता के परिजन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज करने के करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को प्रार्थी ने थाना डोंगरगांव पहुंचकर अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ किए जाने संबंधी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 299/2026 के तहत धारा 75(2) बीएनएस एवं धारा 12 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार बंजारे (30 वर्ष), निवासी ग्राम परसाडीह, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती, हाल मुकाम कुमर्दा, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक विवेचना में आरोपी के विरुद्ध अपराध घटित करना पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपी शिक्षक के पद पर कार्यरत बताया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा एसडीओपी मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक रामेश्वरी बघेल एवं आरक्षक दीपक भोई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











































