back to top

VISION TIMES : नकली सोने की पत्तियां देकर ज्वेलर्स से 19.32 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार…

भिलाई । पाटन की एक ज्वेलरी शॉप में नकली सोने की पत्तियां असली बताकर ज्वेलर्स से 19.32 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो महिला सहित छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

आरोपियों ने ज्वेलर्स का विश्वास जीतने के लिए पहले असली सोना गिरवी रखकर लेन-देन किया, बाद में नकली सोने की पत्तियां देकर ठगी की।

अर्जुन्दा क्षेत्र में इसी तरीके से लगभग 25 लाख रुपये प्राप्त करने का प्रयास करते संदिग्धों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा।

आरोपियों के कब्जे से 23 नकली सोने की पत्तियां, एक असली सोने की पत्ती, मोटर साइकिल, नकदी एवं अपराध में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक आनंद ने पाटन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 24 सितम्बर को आरोपी ओमी सिंह एवं लाखन सिंह उसकी दुकान पर पहुंचे और 18 नग सोने की पत्तियां, कुलवजन लगभग 180 ग्राम, असली सोना बताकर गिरवी रखीं तथा इसके बदले 15 लाख 93 हजार रुपये प्राप्त किए।

इसी दौरान आरोपियों द्वारा दुकान से तीन नग सोने की अंगूठियां, वजन 18.910 ग्राम तथा चांदी की एक जोड़ी पायल, वजन 176.590 ग्राम, कुल कीमत लगभग तीन लाख 39 हजार रुपये उधारी में लिए।

आरोपियों ने एक सप्ताह के भीतर ब्याज सहित रकम लौटाने का विश्वास दिलाया, लेकिन निर्धारित समय पर रकम वापस नहीं की ।संदेह होने पर गिरवी रखी गई सोने की पत्तियों की जांच कराई गई, जिसमें लगभग दस प्रतिशत सोना एवं 90 प्रतिशत अन्य धातु पाए जाने की जानकारी सामने आई।

इस प्रकार प्रार्थी के साथ कुल 19 लाख 32 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने पर थाना पाटन में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव एवं रायपुर के ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के ज्वेलर्स व्यापारियों तथा ज्वेलर्स एसोसिएशन से संपर्क कर गिरोह के अपराध करने के तरीके की जानकारी साझा कीगई।

इसी दौरान बालोद जिले के अर्जुन्दा क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई कि संदिग्ध व्यक्ति एक अन्य ज्वेलर्स व्यापारी के यहां नकली सोना गिरवी रखकर लगभग 25 लाख रुपये प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई कर संदिग्धों को पकड़ा गया ।पूछताछ के आधार पर राजनांदगांव शहर में किराये के मकान में गिरोह के अन्य सदस्यों के रहने की जानकारी मिली। पुलिस टीम के पहुंचने से पूर्व कुछ आरोपी ट्रेन से फरार हो चुके थे।

आरपीएफ नागपुर के सहयोग से ट्रेन से फरार हो रहे दो महिला एवं दो पुरुष सदस्यों को पकड़ा गया। इस प्रकार पुलिस कार्रवाई में गिरोह के कुल छह आरोपियों श्याम सिंह उर्फ लाखन नायक, (31 वर्ष), निवासी ग्राम कठुमर, गोविन्द नायक उर्फ गिरीराज, (39 वर्ष), निवासी ग्राम पोस्ट कठुमर, प्रहलाद नायक, (65 वर्ष), निवासी चैनपुरा, अर्जुन नायक (28 वर्ष), निवासी थाना चैनपुर, राजबती नायक, (61 वर्ष), निवासी चैनपुर और मंजू नायक (35 वर्ष), निवासी ग्राम रेटी, सभी जिला अलवर राजस्थान निवासियों को गिरफ्तार किया गया है।

Advertisements

You cannot copy content of this page