
demo photo
भिलाई । मोहन नगर दुर्ग थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरि नगर स्थित एक पीजी में युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। कवर्धा निवासी युवक दुर्ग एग्जाम देने पहुंचा था और इस बीच अपनी एक महिला मित्र व उसकी बहन के साथ दोस्त से मिलने पीजी पहुंचा था।
इस दौरान पीजी में मौजूद दो अन्य युवकों से सिगरेट मांगने को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान दोनों ने युवक की गर्लफ्रेंड के साथ बदसलूकी की। विवाद बढ़ा तो दोनों युवकों ने चाकू से गोद दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले युवक की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक का नाम चित्रेश सहारे (26) निवासी कवर्धा है। पुलिस ने बताया कि चित्रेश कल सोमवार दोपहर को अपने दोस्त रवि के पीजी रूम में गर्लफ्रेंड और उसकी बहन के साथ मिलने पहुंचा।
इस दौरानपीजी में रहने वाले वैभव मानकर और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया। महिला मित्र के साथ बदतमीजी की बात सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया।
विवाद गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों युवकों ने चित्रेश पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू लगने से चित्रेश गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल ले जाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि चित्रेश की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस पूरे मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी युवक वैभव मानकर व राजकुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है।











































