
राजनांदगांव। नागपुर-रायपुर बायपास रोड पर मोहरा से फरहद चौक के बीच बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में हल्दी निवासी आशीष साहू की जान चली गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चलाते समय अचानक टायर फट गया। तेज आवाज से घबराकर युवक ने ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिसके बाद वह अपने ही ट्रैक्टर की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार आशीष साहू ट्रैक्टर लेकर बायपास रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान चलते ट्रैक्टर का टायर अचानक फट गया। टायर फटने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया। अचानक हुई तेज आवाज से घबराकर आशीष ने ट्रैक्टर से छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद वह ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में ट्रैक्टर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। उसका टायर टूटकर अलग हो गया, जबकि इंजन सहित वाहन के अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने के बाद संबंधित पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।












































