
रायपुर – गोंदवारा में तालाब किनारे शराब पी रहे दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के समय युवक कार को स्टार्ट करने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच कार तालाब के अंदर घुस गई। घटना के दौरान युवक कार के अंदर ही फंसे रह गए और उनकी पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल कर रही है। घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक तालाब में डूबने से प्रवीण सिंह तथा भूषण ध्रुव की मौत हो गई।
कार में सवार एक अन्य युवक मोबाइल से बात करते बाहर निकल गया था, इसलिए वह बच गया। पुलिस के अनुसार तड़के 4 बजे तीनों युवक शीतला तालाब के पास शराब पी रहे थे। शराबखोरी के बाद घर जाने के लिए एक युवक ने कार स्टार्ट की कार स्टार्ट करने के बाद वह कार को बैक नहीं कर पाया और कार ढलान से होते हुए तालाब के अंदर जा घुसी। कार के तालाब में जाने के बाद दोनों कार से बाहर नहीं निकल पाए और उनकी कार के अंदर ही जल समाधि हो गई।
क्रेन की मदद से निकाली कार
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने कार को तालाब से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन निकाल नहीं पाए। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला। तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी।









































