
खैरागढ़। शहर के अमलीपारा मोड़ के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अमलीपारा वार्ड निवासी युवक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे की बताई गई है।
अमलीपारा स्थित वेसलियन स्कूल के सामने जा रहे युवक को धान खरीदी समिति से सरकारी धान भरकर जा रहे ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। बुरी तरह कुचले जाने से युवक के शव के चिथड़े उड़ गए। हादसे के बाद धान भरा ट्रक मौके से तेज रप्तार के साथ फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना को देख तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक को लगी टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि युवक काफी दूर तक वाहन में फंस कर घसीटता रहा। जिससे शव की बुरी हालत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा और वाहन की खोज शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद मृतक युवक का सिर बुरी तरह कुचलने के चलते उसकी पहचान देर से हो पाई। पुलिस की पड़ताल में युवक के कपड़ें से शिनाख्ती के बाद परिजनों को बुलाकर शिनाख्ती कराई जा रही है।
खैरागढ़ थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि पुलिस की तलाश में युवक को कुचलने वाले ट्रक को जालबांधा में पकड़ा गया है। चालक को भी गिरप्तार किया गया है। मामले में कार्यवाही जारी है।
वीआईपी वार्ड में यातायात का हाल बेहाल अमलीपारा वार्ड खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा सहित नगर पालिकाध्यक्ष गिरजा चंद्राकर का वार्ड और निवास है। इसके बाद भी अमलीपारा चौक से दूर्ग मार्ग में यातायात व्यवस्था बदहाल है। सड़क के किनारे जगह जगह मटेरियल पड़े होने से कई जगहो पर यातायात जमकर अवरूद्ध होता है। इस मार्ग पर वाहनो की रफ्तार रोकने और कम करने की कोई व्यवस्था नहीं है।
छोटे बड़े सभी प्रकार के वाहन इस मार्ग से तेज गति से निकलते है। जिसके चलते हादसो का खतरा हमेंशा बना रहता है। वार्ड के अधिकांश निवासी मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर ही रहते हैं। रिहायशी इलाका होने के चलते यहाँ हमेंशा छोटे मोटे हादसे होते रहते हैं। सड़क सुरक्षा माह के दौरान भी इस मार्ग में यातायात सुधारने कोई पहल नहीं हो पाई। जिसके चलते हादसों पर लगाम नहीं लग पाया है।









































