VISION TIMES : समाज में फार्मासिस्टों का सराहनीय योगदानः सुशील चन्द्राकर…

दुर्ग। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग में फार्मासिस्ट दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई और ई-पोस्टर प्रजेन्टेशन तथा व्यंजनों की बगिया प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


इस अवसर पर भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलाधिपति माननीय श्री सुशील चंद्राकर ने समाज में फार्मासिस्टों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वस्थ बनाए रखने में फार्मासिस्टों का अमूल्य योगदान है। फाॅर्मेसी के प्राचार्य प्रो. मृत्युंजय सतपति ने विद्यार्थियों को एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी फार्मासिस्ट ऑफ इंडिया के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने प्राथमिक उपचार के बारे में विस्तार से बताया।
ज्वाइंट डायरेक्टर श्री जय चन्द्राकर ने विद्यार्थियों के प्रस्तुतिकरण की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि हर कार्य में नैतिकता को सर्वोपरि रखें। उपाध्यक्ष श्री प्रभजोत सिंह भुई ने अपने उद्बोधन में कहा कि फार्मासिस्ट अथक मेहनत करते हैं ताकि लोगों का स्वास्थ्य अच्छा बना रहे।


कुलसचिव डाॅ. वीरेन्द्र कुमार स्वर्णकार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि निकट भविष्य में इस तरह के और भी कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस अवसर पर श्री घनश्याम साहू, श्री विजय कुमार यदु सहित फार्मेसी विभाग के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।