back to top

राजनांदगांव: ओरिएंट इस्पात कंपनी में करंट लगने से मजदूर की मौत, चार माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया…

राजनांदगांव। जिले के ग्राम टेड़ेसरा स्थित ओरिएंट इस्पात कंपनी में शुक्रवार सुबह करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन घायल मजदूर को तत्काल दुर्ग के अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।

Advertisements

जानकारी के अनुसार, नवागांव निवासी पुरानीक विश्वकर्मा (27 वर्ष), पिता सुंदरलाल विश्वकर्मा, करीब 20 से 25 दिन पहले ही ओरिएंट इस्पात कंपनी में कार्य पर लगा था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह ड्यूटी पर पहुंचा था। सुबह लगभग 10 बजे काम के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया।

कंपनी प्रबंधन ने तत्काल उसे उपचार के लिए दुर्ग स्थित अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग के शवगृह में रखा गया है।

मृतक अपने पीछे पत्नी और मात्र चार माह के एक मासूम बच्चे को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन कंपनी पहुंचे। कंपनी प्रबंधन ने तत्काल अंत्येष्टि के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा शासन से मिलने वाली नियमानुसार क्षतिपूर्ति (कंपनसेशन) दिलाने का आश्वासन दिया है।

इधर, इस हादसे के बाद कंपनी में सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों के लिए अपनाए जा रहे सेफ्टी मानकों पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Advertisements

You cannot copy content of this page