back to top

राजनांदगांव: नाबालिग से 35 पौवा शराब का परिवहन कराया, डोंगरगांव पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार…

राजनांदगांव। थाना डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाबालिग से शराब का परिवहन कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग के कब्जे से 35 पौवा देशी प्लेन शराब, एक मोटरसाइकिल सहित कुल 12,800 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को थाना डोंगरगांव की टीम पेट्रोलिंग और जुर्म जरायम की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सुखरी के पास मेन रोड पर एक मोटरसाइकिल से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने काले रंग की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 NB 2874 को रोककर जांच की। वाहन चालक नाबालिग पाया गया।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी के सामने रखी हरे रंग की प्लास्टिक बोरी से 35 पौवा देशी प्लेन शराब, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 6.300 बल्क लीटर, कीमत करीब 2,800 रुपये बरामद हुई। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 10,000 रुपये है, को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि विष्णु बेलदार (50 वर्ष), निवासी ग्राम आरी ने उसे शराब खरीदकर लाने के लिए 3,000 रुपये और मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई थी। नाबालिग के कथन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विष्णु बेलदार के खिलाफ नाबालिग को अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल करने के आरोप में धारा 78 जे.जे. एक्ट एवं धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी विष्णु बेलदार, पिता स्व. चीनू बेलदार, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम आरी, थाना डोंगरगांव को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। वहीं नाबालिग को विधिवत उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी श्रीमती मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख और आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page