back to top

राजनांदगांव: ग्रामीणों की शिकायत के बाद सुरगी पुलिस का एक्शन, उपद्रवी पर कसा शिकंजा…

राजनांदगांव जिले की सुरगी चौकी पुलिस ने कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया।

Advertisements

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


इसी क्रम में पुलिस को ग्राम कोटराभाठा से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चोरी-छिपे अवैध शराब बेचकर गांव का माहौल खराब कर रहा है।

सूचना मिलते ही सुरगी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संदेही सोमनाथ साहू की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई अवैध शराब बरामद नहीं हुई।


पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान सोमनाथ साहू पुलिस का विरोध करने लगा और गवाहों से विवाद करते हुए हंगामा करने लगा, जिससे क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति बन गई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।


आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से जारी जेल वारंट के आधार पर उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।


पुलिस ने आम नागरिकों से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि असामाजिक और उपद्रवी तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page