back to top

राजनांदगांव: यातायात व्यवस्था को लेकर IG अजय कुमार यादव ने ली समीक्षा बैठक, नियम तोड़ने वालों पर सख्ती के निर्देश…

राजनांदगांव, 20 अगस्त 2026। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय कुमार यादव ने रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों के यातायात नोडल अधिकारियों एवं प्रभारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Advertisements

आईजी ने मोटरयान अधिनियम के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने हिट एंड रन मामलों में संलिप्त वाहनों और आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। वहीं बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्कूल बसों एवं वैन की फिटनेस की नियमित जांच पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को स्कूल वाहनों में सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर और मेडिकल किट की उपलब्धता की जांच करने के साथ चालक एवं परिचालक के स्वास्थ्य परीक्षण पर भी ध्यान देने कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी को iRAD ऐप में तत्काल दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

आईजी श्री यादव ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ऐसे स्थानों की पहचान करने कहा, जहां बार-बार सड़क हादसे होते हैं। इन स्थानों की कमियों को दूर करने के लिए PWD और NHAI सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा इंटरसेप्टर वाहन की मदद से ओवर स्पीडिंग और ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ प्रभावी चालानी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। आईजी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता वाधवानी, राजनांदगांव से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, कबीरधाम से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमचंद सिदार, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पवार, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से उप पुलिस अधीक्षक श्री रमेश चन्द्रा सहित रेंज के विभिन्न जिलों के यातायात प्रभारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page