
राजनांदगांव। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजते हुए अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन महिला प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ द्वारा महाराष्ट्र प्रदेश का पारंपरिक पर्व “हल्दी–कुंकुम” का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन का स्थान श्री गणेश मंदिर, ब्लू डायमंड सिटी कॉलोनी, नंदई चौक, मोहारा रोड, राजनांदगांव (छ.ग.) निर्धारित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार बसंत पंचमी जैसे शुभ पर्व पर आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और पारंपरिक सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस अवसर पर समाज की महिलाओं द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हल्दी–कुंकुम का आयोजन किया जाएगा।
रेखा दिनेश साहू राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष, भारतीय तैलिक साहू, राठौर महासभा, नई दिल्ली एवं प्रदेश महिला अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, छत्तीसगढ़ ने जानकारी देते हुए कहा कि बसंत पंचमी जैसे पावन पर्व पर आयोजित हल्दी–कुंकुम कार्यक्रम हमारी भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं के बीच आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है। हमारा उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश देना है।
आयोजन समिति ने समाज की समस्त महिलाओं कार्यक्रम में सादर उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि सभी की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम और भी सफल एवं स्मरणीय बनेगा।









































