back to top

राजनांदगांव रेंज के नए आईजी अजय यादव ने संभाला पदभार, अपराध नियंत्रण और जनहितैषी पुलिसिंग पर दिया जोर…

राजनांदगांव। राजनांदगांव रेंज के नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय यादव (आईपीएस) ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनहितैषी पुलिसिंग को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।

Advertisements


पदभार ग्रहण के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी वाई.पी. सिंह, पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई लक्ष्य शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, एलेक्जेंडर किरो, एसडीओपी मंजूलता बाज, केसरी नंदन नायक, डीएसपी के.पी. मरकाम, एम्ब्रोज कुजूर, सहायक एआईजी गीता वाधवानी, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


पदभार ग्रहण के बाद आयोजित बैठक में आईजी अजय यादव ने राजनांदगांव रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और पुलिस पर उनका विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए थाना स्तर पर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनोन्मुखी बनाया जाएगा।


आईजी ने अधिकारियों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग कर अपराधों की विवेचना करने, गंभीर मामलों का शीघ्र निराकरण करने, फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम और आम लोगों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया।


उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया जाए तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिलेवार अपराध स्थिति, लंबित प्रकरणों और विशेष अभियानों की समीक्षा करते हुए आईजी ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

Advertisements

You cannot copy content of this page