कोरबा: जंगल में मिला दो युवकों का शव, सुसाइड या मर्डर? पुलिस कर रही जांच…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 2 दोस्तों की लाश एक ही फंदे पर लटकती मिली है। ग्राम बेलाकछार के जंगल में गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने देखा तो थाने में सूचना दी। मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (27) और अमित माथुर (28) के रुप में हुई है। मामला बालको थाना क्षेत्र का है।

दोनों शादीशुदा थे, इसी गांव में रहते थे और बालको पावर प्लांट में ठेका कर्मी के रूप में काम करते थे। एक दिन पहले घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे, अगले दिन सुबह पेड़ पर शव मिला। पुलिस सुसाइड और मर्डर दोनों एंगल से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से प्रमोद और अमित काम पर नहीं जा रहे थे।

प्रमोद बुधवार (1 अप्रैल) दोपहर करीब 1 बजे अमित के घर पहुंचा। इसके बाद दोनों घूमने जाने की बात कहकर निकले, लेकिन देर शामतक नहीं लौटे। ऐसे में अमित के परिजनों कॉल कर संपर्क करने की कोशिश, लेकिन कॉल नहीं लगा। पहले उन्हें लगा कि अमित आसपास दोस्तों के साथ होगा। काफी समय बीत जाने और घर न पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और अन्य जगहों पर उनकी खोजबीन की।

लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार (2 अप्रैल) सुबह कुछ ग्रामीण जंगल की ओर जा रहे थे, तब उनकी नजर पेड़ पर लटके हुए युवकों पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने फौरन मामले की जानकरी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और युवकों के परिजन मौके पर पहुंचे।

पुलिस की टीम ने युवकों की पहचान होने के बाद शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।