
कोरबा, । कोरबा में ट्रिपल मर्डर केस के शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हो गया है कि तीनों की हत्या की गई थी। स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े अशरफ मेमन सहित तीन लोगों के शव उनके कबाड़ यार्ड से बरामद हुए थे।

पुलिस ने शुरुआती जांच में तंत्र-मंत्र के दौरान हत्या की आशंका जताई थी। लेकिन जांच में अशरफ मेमन की जेब से सिगरेट के पैकेट, नीतीश के मुंह से नींबू और सुरेश साहू की जेब से भी नींबू मिला है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के अनुसार तीनों की मौत पतली रस्सी से गला घोंटने से हुई।
दुर्ग निवासी नीतीश के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। यह पूरा हत्याकांड तंत्र-मंत्र के जरिए 5 लाख से ढाई करोड़ रुपए कमाने का लालच देकर किया गया। बिलासपुर का तांत्रिक (बैगा) आशीष दास अपने 3 साथियों के साथ इस योजना को अंजाम देने कोरत्ना पहुंचा था। तांत्रिक के साथ आए अश्विनी कुर्रे नेबताया कि 5 लाख बैगा को दिए जाने थे और बाकी पैसे बराबर हिस्सों में बांटे जाने थे।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि इस मामले में अपराध दर्ज कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास अभी भी फरार है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। वहीं कारोबारी अशरफ के परिजनों ने बड़े षड्यंत्र की आशंका जताई है। बिलासपुर से एक तांत्रिक (बैगा) आशीष दास बुधवार शाम 4 बजे तीन अन्य साथियों के साथ कोरबा पहुंचा था।
इसके बाद अशरफ मेमन के बरबसपुर स्थित स्क्रैप यार्ड में रात में तंत्र-मंत्र शुरू किया गया। फिर आशीष ने एक कमरे में तीनों को बारी-बारी से बुलाया, उन्हें नींबू दिया और रस्सी से एक घेरा बनाया। इसके बाद उन्हें कमरे में बंद कर दिया और आधे से एक घंटे बाद खोलने को कहा। जब समय बीतने पर कमरा खोला गया, तो तीनों मृत पाए गए।









































