back to top

राजनांदगांव में मौखिक कैंसर जागरूकता एवं विश्व पार्किंसन दिवस पर कार्यक्रम आयोजित…

राजनांदगांव। कंपोजिट रीजनल सेंटर (CRC), ठाकुरटोला में मौखिक कैंसर जागरूकता माह एवं विश्व पार्किंसन दिवस–2026 के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, लाभार्थियों एवं आम जनमानस में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रोगों की शीघ्र पहचान और निवारक उपायों को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में कुल 120 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समन्वयन लिलीमा पटेल द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क दंत जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की मौखिक जांच कर कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों की स्क्रीनिंग की गई। विशेषज्ञों ने तंबाकू सेवन, खराब मौखिक स्वच्छता एवं अस्वस्थ जीवनशैली को प्रमुख जोखिम कारक बताते हुए उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

जागरूकता सत्र में छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट की डॉ. श्रुति सराफ ने मौखिक कैंसर के कारण, लक्षण, रोकथाम एवं नियमित जांच के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं CRC की व्याख्याता लिलीमा पटेल ने पार्किंसन रोग के लक्षण, उसकी प्रगति तथा फिजियोथेरेपी की भूमिका पर जानकारी दी।

इस अवसर पर CRC द्वारा लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज, सुंदरा के सहयोग से ओरल हाइजीन किट का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को जलपान भी कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अंशुल शर्मा, विशिष्ट अतिथि डॉ. जय टैंक एवं डॉ. सूरज मुल्तानी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ तथा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में जागरूकता, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम में लाभार्थियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं CRC के स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे आयोजन प्रभावी एवं सफल रहा। अंत में जलपान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

यह आयोजन स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और समाज को स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Advertisements

You cannot copy content of this page