
खैरागढ़। खैरागढ़–छुईखदान–गंडई (केसीजी) जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा और जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। खैरागढ़ पुलिस ने शिवा बुक ऑनलाइन सट्टा एप की अगली कड़ी को हरियाणा के गुरुग्राम जाकर ध्वस्त किया है। आरोपी शिवा बुक का नाम बदलकर 100 पैनल और फेयर प्ले के नाम से ऑनलाइन बैटिंग एप के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन जुआ संचालित कर रहे थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 187/2025 के तहत की गई है, जिसमें धारा 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022, धारा 112, 318(4) बीएनएस एवं धारा 66 डी आईटी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज है। पुलिस अधीक्षक केसीजी के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों एवं जुआ-सट्टा के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व में थाना छुईखदान क्षेत्र में ऑनलाइन जुआ खिलाने के मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसमें नेटवर्क के गुरुग्राम (हरियाणा) में सक्रिय होने की पुख्ता जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने सघन जांच एवं तलाशी अभियान चलाकर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में ऑनलाइन गेमिंग एप संचालित करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
देवेंद्र सिंह (30 वर्ष), शांति नगर, भिलाई
हर्ष प्रजापति (22 वर्ष), वार्ड क्रमांक 16, गदा चौक, सुपेला भिलाई
राजा मुखिया (28 वर्ष), ग्राम धमसायीन, जिला दरभंगा, बिहार
मोतीलाल श्रीवास (24 वर्ष), ग्राम मंद्रगोढ़ी, जिला शक्ति
उमेश मुखिया (32 वर्ष), ग्राम धमुवारा, जिला दरभंगा, बिहार
पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एप के माध्यम से लोगों से रुपये का दांव लगवाकर जुआ खिलाना स्वीकार किया। पुलिस को गुमराह करने के लिए एप का नाम बार-बार बदला जा रहा था।
जप्ती:
आरोपियों के कब्जे से 22,000 रुपये नगद, विभिन्न बैंक खातों में 91,175 रुपये, कुल 1,13,175 रुपये, 19 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 3 एटीएम कार्ड, 1 वाई-फाई राउटर और 14 सिम कार्ड जप्त किए गए हैं। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4,98,175 रुपये बताई गई है। इसके अलावा ऑनलाइन जुआ में प्रयुक्त 7 बैंक खातों को सीज किया गया है।
जांच में आरोपियों के खातों से लगभग 8 से 10 करोड़ रुपये के बैंक ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड भी सामने आया है। प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आगे भी गिरफ्तारियां की जाएंगी।
खैरागढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को ऑनलाइन जुआ-सट्टा के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।









































