गौरेला पेंड्रा मरवाही : आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 27 जुलाई को, जिले में बनाए गए हैं 21 परीक्षा केंद्र…

परीक्षा का समय सुबह 11 से अपरान्ह 1.15 बजे तक निर्धारित, 10.30 बजे बंद कर दिया जाएगा मुख्य द्वार

Advertisements

फ्रिस्किंग एवं सत्यापन के लिए 2 घंटा पूर्व अभ्यर्थियों को पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र

अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार परीक्षा केंद्रों में लगेगा जैमर

परीक्षा केंद्र क्रमांक 38005 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा का नाम परिवर्तित

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 25 जुलाई 2025 / छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा आगामी 27 जुलाई रविवार को आयोजित किया जा रहा है। जीपीएम जिले में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। व्यापम द्वारा परीक्षा के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने सभी कलेक्टरों को परिपत्र जारी किया गया है। यह परीक्षा सुबह 11 से अपरान्ह 1.15 बजे तक आयोजित किया जाएगा, लेकिन अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार 10.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र में पहुंचे, ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं सत्यापन किया जा सके। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा, क्योंकि 10.30 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड (बेल) द्वारा जैमर लगाया जाएगा।

अभ्यर्थियों के लिए जारी निर्देश में कहा गया है कि हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आएं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। फुटवियर के रूप में चप्पल पहनें। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी।


आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए जिले में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में अभ्यर्थियों की संख्या 3195 है। इनमें 2069 पुरूष एवं 1125 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों में डॉ. भंवर सिंह पोर्ते शासकीय कॉलेज पेण्ड्रा, शासकीय पंडित माधव राव सप्रे कॉलेज पेण्ड्रारोड, मिश्री देवी कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल गौरेला, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल गौरेला (टीकरकला), पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा, स्वामी आत्मानंद शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकण्डरी स्कूल पेण्ड्रा, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण केंद्र पेण्ड्रा, शासकीय हाई स्कूल गौरेला (मंगली बाजार), स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल सेमरा-गौरेला, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल सरकारी पारा पेण्ड्रा, शासकीय गुरूकुल विद्यालय पेण्ड्रारोड, शासकीय बालक हायर सेकण्डरी स्कूल नवागांव-पेण्ड्रा, शासकीय कन्या हाई स्कूल नवागांव, कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल सकोला, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल कोटमीकला, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल लालपुर-गौरेला, शासकीय हाई स्कूल सधवानी, शासकीय हाई स्कूल सरखोर-गौरेला, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल सारबहरा-गौरेला, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल कुड़कई-पेण्ड्रा और मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल मड़ना-पेण्ड्रा शामिल है।

व्यापम द्वारा जारी परीक्षा केंद्रों में परीक्षा केंद्र क्रमांक 38005 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा लिखा हुआ है। केंद्राध्यक्ष द्वारा बताया गया है कि अब इस विद्यालय का नाम परिवर्तित होकर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा हो गया है। अतः जिन परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा लिखा हुआ है, वे पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा में उपस्थित होकर परीक्षा दे सकते हैं।