
रबी मौसम में दलहन, तिलहन एवं नगदी फसलों का रकबा बढ़ाने कलेक्टर ने दिए निर्देश
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 01 नवम्बर 2025
किसानों का आय बढ़ाने के लिए रबी मौसम में दलहन, तिलहन एवं नगदी फसलों का रकबा बढ़ाने कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में कृषि और उद्यानिकी विभाग के जिला एवं मैदानी अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, गतिविधियों एवं उपलब्धियों आदि की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रबी सीजन 2025-26 में धान के फसल में कमी लाना है और रबी का क्षेत्राच्छादन बढ़ाना है।
इसके लिए किसानों को चना, मसूर, उड़द, मूंग, राई, तोरिया, सरसों, अलसी और उद्यानिकी फसलों के लिए प्रेरित करना है, जिससे कम लागत और कम मेहनत में उन्हें उनकी उपज का अच्छी दाम मिल सके। बैठक में उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में रबी फसलों के लिए मौसम अनुकूल है। पिछले वर्ष रबी फसलों के लिए 9092 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य था, जिसे बढ़ाकर इस वर्ष 10996 हेक्टेयर कर दिया गया है।
कलेक्टर ने किसानों को वितरित किए जा रहे बीजों का सही उपयोग हो, इसके लिए लगातार मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अल्पकालीन ऋण वितरण, लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि प्राप्त करने, केसीसी, एग्रीस्टैक पंजीयन, पीएम सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, ऑयल पाम, फेंसिंग, मिट्टी परीक्षण, फलदार पौधे लगाने, मसाला क्षेत्र विस्तार, राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत पुष्प क्षेत्र विस्तार, शेडनेट, पॉलीहाउस, माली प्रशिक्षण, जिला स्तरीय सेमिनार के आयोजन आदि की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए वर्मी कम्पोस्ट बनाने के लिए टांके का निर्माण करने और प्रत्येक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को अपने कार्य क्षेत्र में एक मॉडल किसान बनाने कहा, जिससे अन्य किसान उनसे प्रेरित हो सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, उप संचालक कृषि सत्यजीत कंवर, उप संचालक उद्यानिकी कमलेश दीवान सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के सभी मैदानी अधिकारी उपस्थित थे।









































