
छुईखदान/केसीजी। शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए 4 वर्षीय मासूम बालक को टक्कर मारकर घसीटने से मौत के मामले में जिला केसीजी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 दिसंबर 2025 की शाम बिजली विभाग में संलग्न डीआई वाहन क्रमांक 08 एयू 2705 का चालक रोशन कुमार पटेल पद्मावतीपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम कुटेलीखुर्द बाजार चौक के पास सड़क किनारे खड़े डिमांशू जंघेल (4 वर्ष) पिता भगवती जंघेल, निवासी कुटेलीखुर्द, थाना छुईखदान, जिला केसीजी को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद चालक को यह ज्ञात होने के बावजूद कि बालक सड़क पर गिरा हुआ है, वाहन को आगे-पीछे करते हुए लगभग तीन मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे बालक की गंभीर रूप से घायल अवस्था में मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घायल बालक को तत्काल शासकीय अस्पताल छुईखदान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की रिपोर्ट प्रार्थी भगवती जंघेल पिता जोहन राम जंघेल (उम्र 32 वर्ष) द्वारा थाना छुईखदान में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 438/2025 के तहत धारा 281, 125(ए), 105 बीएनएस में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
त्वरित कार्रवाई करते हुए केसीजी पुलिस टीम ने आरोपी चालक रोशन कुमार पटेल पिता तिरिथ राम पटेल (उम्र 31 वर्ष), निवासी ग्राम भठोरा, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा, हाल मुकाम कुकुरमुड़ा, थाना छुईखदान, जिला केसीजी को 13 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गंभीर और अमानवीय घटनाओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।









































