जीवनदान सेवा संस्था दुर्ग के सदस्य आरक्षक विकास कुमार सिंह मानवता की मिसाल, 26 बार रक्तदान पर दुर्ग एसपी द्वारा सम्मानित…


दुर्ग।मानव सेवा को अपना धर्म मानने वाले जीवनदान सेवा संस्था, दुर्ग के सक्रिय सदस्य एवं छावनी थाना, जिला-दुर्ग में पदस्थ आरक्षक श्री विकास कुमार सिंह को उनके अद्वितीय सामाजिक योगदान और निरंतर रक्तदान के लिए पुलिस अधीक्षक, दुर्ग द्वारा सम्मानित किया गया।
आरक्षक विकास कुमार सिंह ने अब तक लगातार 26 बार रक्तदान कर दर्जनों जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई है। उन्होंने पहली बार 22 वर्ष की आयु में एक आपातकालीन मरीज की जान बचाने के लिए रक्तदान किया था। उसी दिन से उन्होंने यह संकल्प लिया कि वे जीवन भर जरूरतमंदों के लिए रक्तदान करते रहेंगे।
श्री विकास कुमार सिंह वर्ष 2008 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए और बिलासपुर में प्रशिक्षण के बाद विभिन्न थानों में पदस्थापना के दौरान लगातार रक्तदान करते रहे। उनका कहना है कि रक्तदान से कभी कमजोरी नहीं होती, बल्कि इससे शरीर में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है।

Advertisements


उनके इस सेवा भाव को देखते हुए उन्हें वर्ष 2015 में राष्ट्रपति द्वारा “जीवन रक्षापदक” से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 2016, 2020, 2022 एवं 2024 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टर द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
जीवनदान सेवा संस्था दुर्ग के महासचिव श्री योगेश्वर मानिकपुरी ने बताया कि आरक्षक विकास कुमार सिंह संस्था से जुड़कर रक्तदान, आपातकालीन सहायता और सामाजिक सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका यह योगदान संस्था के लिए गौरव की बात है।
इस अवसर पर जीवनदान सेवा संस्था दुर्ग ने दुर्ग पुलिस अधीक्षक महोदय एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवाभावी पुलिसकर्मियों का सम्मान समाज में मानवता, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश देता है तथा युवाओं को रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों के लिए प्रेरित करता है।