
डोंगरगढ़: डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक हर्षिता स्वामी बघेल आज ग्राम पंचायत पदुमतरा में आयोजित संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की पावन जयंती एवं भव्य पंथी नृत्य प्रतियोगिता कार्यक्रम में शामिल हुईं।

विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने इस अवसर पर उपस्थित विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए बाबा गुरु घासीदास जी के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने बाबा जी के अमर संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ (मनुष्य-मनुष्य एक समान) के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि हमें सभी मनुष्यों को एक दृष्टि से देखना चाहिए, यही सच्ची मानवता है।
*नशा त्याग कर सादगीपूर्ण जीवन जीने की अपील*
विधायक श्रीमती बघेल ने समाज में व्याप्त नशाखोरी की कुरीति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशा पान को त्याग कर सादगीपूर्ण एवं नैतिक मूल्यों से भरा जीवन व्यतीत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का पतन करता है, इसलिए हमें बाबा जी के दिखाए मार्ग पर चलकर इससे दूर रहना चाहिए।
*शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने पर जोर*
विधायक ने सतनामी समाज की प्रगति के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह आधारशिला है, जिसके बल पर कोई भी समाज निरंतर प्रगति कर सकता है। उन्होंने सभी माता-पिता और युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा के लिए निरन्तर प्रयास करें, बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाएं, और इस तरह समाज के नाम को और अधिक गौरवान्वित करें।
इस अवसर पर आयोजित पंथी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को विधायक ने शुभकामनाएं दीं और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक बंधु, और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।









































