डोंगरगांव: नगर पंचायत डोंगरगांव ने टॉप 50 बकाया करदाताओं को जारी किया डिमांड नोटिस…

डोंगरगांव।नगर पंचायत डोंगरगांव कार्यालय द्वारा वर्षों से राजस्व कर का भुगतान नहीं करने वाले टॉप 50 बकाया करदाताओं के विरुद्ध सख्त कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 164 की उपधारा (3) के अंतर्गत निर्धारित प्रारूप में डिमांड नोटिस जारी किया गया है। इन करदाताओं को बकाया राशि जमा करने हेतु 15 दिवस का समय प्रदान किया गया है।

Advertisements


नगर पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित करदाताओं को लगभग तीन माह पूर्व ही कर बिल जारी किए जा चुके थे, किंतु अब तक उनके द्वारा भुगतान नहीं किया गया। केवल इन 50 करदाताओं से ही नगर पंचायत डोंगरगांव को कुल 16 लाख 96 हजार रुपये से अधिक की राजस्व राशि प्राप्त होना शेष है।


बताया गया कि इनमें एक करदाता पर अधिकतम 1,74,486 रुपये का बकाया है, जबकि न्यूनतम बकाया राशि 22,312 रुपये है। नगर पंचायत ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकायादारों द्वारा राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो अधिनियम में उल्लिखित प्रावधानों के अनुसार आगे की वसूली की कार्यवाही की जाएगी।


डिमांड नोटिस के अनुसार तय अवधि पश्चात चल संपत्ति की कुर्की हेतु कुर्की वारंट प्राप्त कर संबंधित संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर पंचायत प्रशासन ने सभी बकायादारों से समय रहते कर भुगतान कर अनावश्यक कार्रवाई से बचने की अपील की है।