दो दिन की बारिश में ही हल्दी-सुरगी-कुम्हालोरी मार्ग की स्थिति हुई बदतर  – मधुसूदन यादव…

पूर्व सांसद एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने आज सुरगी क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान जनता की शिकायत पर हल्दी-सुरगी-कुम्हालोरी मार्ग में विभाग द्वारा किये गये पैचवर्क एवं मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया । उन्होंने इस मार्ग की दुर्दशा पर शासन प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि इस सड़क पर पहले बड़े-बड़े गढ्ढे नजर आते थे, किन्तु अब गढ्ढों के बीच में कहीं-कहीं सड़क नजर आती है। जिस मार्ग को बनवाने की घोषणा सीएम भूपेश बघेल ने स्वयं की थी, और जिसके लिये लोक निर्माण विभाग द्वारा 18 करोड़ रूपये की लागत का प्राक्कलन तैयार किया गया है, उस मार्ग की दुर्दशा शर्मनाक है । उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में भी जिला भाजपा द्वारा जनहित में राजनांदगॉव क्षेत्र के इस सड़क मार्ग के वर्षा पूर्व निर्माण कार्य को लेकर शासन प्रशासन को अल्टीमेटम दिया गया था, और इसके बाद कुम्भकरणीय निद्रा से जागे स्थानीय कांग्रेसी नेताओं ने भी आनन-फानन में विभागीय अधिकारियों को धमकी-चमकी देकर इस मार्ग के निर्माण के लिये दबाव बनाकर विभागीय मद से छोटा-मोटा पैचवर्क और मरम्मत कार्य करवाया था और इस रोड के मखमली हो जाने का झूठा श्रेय ले रहे थे। ऐसे झूठा श्रेय लेने वाले उन कतिपय कांग्रेसी नेताओं से प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधु ने पूछा है कि आप स्वयं जाकर इस मार्ग का पहले निरीक्षण करें और फिर जनता को बतायें की इस मार्ग की स्थिति पहले से बेहतर हुई है या बदतर हुई है ? और यह भी जनता को बतायें की इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणजन की परेशानी पहले से ज्यादा बढ़ी है कि घटी है ? पूर्व सांसद ने दावा किया है कि दो दिन के बारिश में ही इस मार्ग की स्थिति पहले से भी ज्यादा बदतर हो गई है, जिसके कारण इस क्षेत्र के ग्रामवासियांे को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया है कि जिस सड़क को बनाने की घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा की गई है उसकी दयनीय दशा से ही यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि साढ़े चार साल के कांग्रेस राज में प्रदेश में सड़क मार्गो की स्थिति कितनी भयावह है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने शासन प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि थूकपालिस के पैचवर्क से अब काम नहीं चलेगा, सीएम की घोषणा की गरिमा का ध्यान रखते हुए शासन प्रशासन 10 दिन के भीतर हल्दी-सुरगी-कुम्हालोरी मार्ग के निर्माण कार्य को प्रारंभ करे अन्यथा भाजपा कार्यकर्तागण एवं स्थानीय ग्रामवासी इस सड़क के गढ्ढों में रोपा लगाकर पहले लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे और उस पर भी संतोषप्रद कार्यवाही नहीं की गई तो, धरना, चक्काजाम और आंदोलन जैसे उग्र विरोध प्रदर्शन के लिये बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।