धमतरी /कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रख लोगों की भ्रांतियों को दूर कर जागरूकता लाने और सकारात्मक सोच तैयार करने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री जय प्रकाश मौर्य के मार्गदर्शन में आज से तीन मई तक विकासखण्ड स्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनपद पंचायतों में दो पालियों में आयोजित इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा उपस्थित पटवारी, सहायक आंतरिक लेखा परीक्षक, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक, सचिव, इत्यादि को वीडियो फुटेज दिखाया गया।

जिसमें जिले में कोविड 19 के संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाई गई रणनीति और इसे लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही आमजनता में कोरोना को लेकर फैली भ्रांतियां, अफवाह तथा वास्तविकता के बारे में बताया गया।
इसके अलावा कलेक्टर द्वारा कोरोना संक्रमण से बचने के उपाय और जनता से अपील, टीकाकरण से लाभ, रेमडेसिविर इंजेक्शन संबंधी जानकारी, शासकीय अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाएं एवं संसाधन, युवा वर्ग से सतर्कता की अपील, जिले में स्थापित आइसोलेशन सेंटर में शासन की गाइड लाइन के अनुरूप कोविड से बचाव के अनुकूल व्यवहार, जन-जागरूकता अभियान में समुदाय की भूमिका, लक्षणात्मक मरीजों के लिए मितानिनों के माध्यम से वितरित की जा रही दवाई, लक्षण मिलने पर तुरंत जांच कराने संबंधी अपील, लाॅकडाउन के लाभ सहित कोविड-19 से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान इत्यादि की जानकारी भी वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित की गई।
गौरतलब है कि 28 अप्रैल को जिला स्तरीय प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए, जो तीन मई तक विकासखण्ड स्तर पर प्रशिक्षण देंगे। विकासखण्ड स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त सचिव, रोजगार सहायक इत्यादि ग्राम स्तर पर प्रशिक्षण देंगे। साथ ही टीकाकरण का प्रचार-प्रसार कर जनजागरूकता लाने का प्रयास करेंगे।












































