प्रधानमंत्री कौशल केंद्र की कौशल विकास यात्रा का होगा शुभारंभ, चेयरमैन शैंकी बग्गा दिखाएंगे हरी झंडी…

00 कौशल ही रोजगार की सबसे बड़ी कुंजी, प्रधानमंत्री कौशल केंद्र की कौशल विकास यात्रा आज से

00 राजनांदगांव से रवाना होगी यात्रा, एआई आधारित आधुनिक कौशल की मिलेगी जानकारी।

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री कौशल केंद्र से कौशल विकास यात्रा 2025 का शुभारंभ 7 अक्टूबर से किया जा रहा है। यह यात्रा राजनांदगांव जिले के विभिन्न महाविद्यालयों और स्कूलों से होते हुए एमएमसी, केसीजी होते हुए कबीरधाम तक पहुंचेगी। यात्रा का उद्देश्य युवाओं में कुशल दक्षता और आधुनिक तकनीकी ज्ञान, विशेषकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के प्रति जागरूकता फैलाना है।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह यात्रा आईसेक्ट और विश्व रंग के संयुक्त तत्वावधान में पूरे देशभर में संचालित की जा रही है। यह यात्रा 20 राज्यों के 300 जिलों और 500 शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचेगी। इस वर्ष यात्रा का संचालन रूपेश देवांगन और उनकी टीम के नेतृत्व में किया जाएगा।

क्षेत्रीय प्रबंधक रूपेश देवांगन ने बताया कि कौशल विकास यात्रा 2025 केवल एक शैक्षिक अभियान नहीं है, बल्कि यह युवाओं को भविष्य की तकनीक से जोड़ने और उन्हें रोजगारमुखी शिक्षा प्रदान करने का एक सशक्त प्रयास है। एआई आधारित कौशल आने वाले समय में युवाओं के लिए रोजगार की सबसे बड़ी कुंजी साबित होंगे।

कार्यक्रम में शैंकी बग्गा (पूर्व आईईएस अधिकारी, एमटेक आईआईटी बॉम्बे), चेयरमैन स्वास्थ्य एवं चिकित्सा एवं पार्षद राजनांदगांव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और वे ही इस कौशल विकास रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

यह यात्रा युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के सपने से जोड़ते हुए, उन्हें नए युग की तकनीक और रोजगार के अवसरों से अवगत कराने का सेतु बनेगी।