मोहला : आवेदन से पहले बैंक व विभाग मिलकर लगाएं ऋण जागरूकता कैंप, कैंप के जरिए करें पात्र हितग्राहियों का चयन…

शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों का शीघ्र करें निराकरण–कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

Advertisements

आर्थिक मजबूती और स्वरोजगार को लेकर कलेक्टर ने बैंक प्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों की ली बैठक

    मोहला 23 जनवरी 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में जिले की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने, आम नागरिकों को स्वरोजगार से जोड़ने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने, कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने एवं शासकीय योजनाओं के अंतर्गत बैंक ऋण एवं शासन द्वारा प्रदत्त अनुदान से लाभान्वित लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए बैंक प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।


           बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना, शिक्षा ऋण, हाउसिंग ऋण, बिहान, महिला स्व सहायता समूह, कृषि, पशुधन, मत्स्य, उद्यानिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, उद्योग एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग के विभिन्न सरकारी स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण वितरण की प्रगति, लंबित प्रकरणों और आम लोगों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की।  
             कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऋण प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए और बिना कारण आवेदन लंबित न रखे जाएं। साथ ही स्किल डेवलपमेंट से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को रोजगार योग्य बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के अंतर्गत बैंकों में लंबित प्रकरणों की बैंकवार समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि बैंक प्रतिनिधि आम नागरिकों से लंबित प्रकरणों के संबंध में निरंतर संवाद करें, उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा योजनाओं में प्रगति सुनिश्चित करें।


           कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने  पीएमईजीपी, पीएम विश्वकर्मा योजना तथा स्व-सहायता समूह (एसएचजी) से संबंधित प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण प्रकरणों के लिए प्राप्त आवेदन  होने से पूर्व जिले में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए। इन शिविरों के माध्यम से यह जानकारी दी जाए कि ऋण प्राप्त करने के लिए किन-किन बिंदुओं और पात्रता मानदंडों का ध्यान रखना आवश्यक है।      
         कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि विभागीय अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि संयुक्त रूप से शिविर आयोजित कर आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दें, जिससे पात्र हितग्राही आसानी से योजनाओं का लाभ लेते हुए ऋण प्राप्त कर सकें। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कर्मचारियों एवं बैंक अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित समस्याओं का निराकरण समन्वय के साथ करने से ही योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाई जा सकती है।