मोहला: ऑनलाइन ठगी का आरोपी नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, जॉर्डन फरार होने की कोशिश नाकाम…

मोहला–मानपुर–अम्बागढ़ चौकी। ऑनलाइन ठगी के एक मामले में थाना औंधी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ठगी कर विदेश फरार हो चुके आरोपी को नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जॉर्डन भागने की फिराक में था, लेकिन लुक आउट नोटिस के चलते ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन ने उसे पकड़ लिया।

Advertisements

पुलिस अधीक्षक मोहला–मानपुर–अम्बागढ़ चौकी श्री वाय.पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डी.सी. पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत कुमार पैकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश साहू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

ठगी का पूरा मामला
प्रार्थी श्री नरेश कुमार साहू ने थाना औंधी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 मार्च 2023 को उन्होंने क्रेडिट व बीमा संबंधी जानकारी के लिए गूगल सर्च किया। इस दौरान मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से लिंक और फॉर्म भेजकर ₹50 ऑनलाइन भुगतान कराया। भुगतान के बाद प्रार्थी के बैंक खाते से अलग–अलग किस्तों में कुल ₹86,496 की राशि कट गई।

मामले में थाना औंधी में अपराध क्रमांक 06/23 धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान बैंक डिटेल से पता चला कि ठगी की पूरी राशि आरोपी रवि कुमार के खाते में ट्रांसफर हुई थी।
पुलिस ने आरोपी की तलाश उसके निवास स्थान मलोया, चंडीगढ़ (पंजाब) में की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। फरारी पंचनामा तैयार कर आगे की जांच में यह सामने आया कि आरोपी जॉर्डन देश फरार हो चुका है। इसके बाद पुलिस द्वारा लुक आउट नोटिस जारी किया गया।

लुक आउट नोटिस के आधार पर ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन ने आरोपी को नई दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा। सूचना मिलने पर थाना औंधी पुलिस की टीम नई दिल्ली रवाना हुई और आरोपी रवि कुमार पिता कालू, उम्र 28 वर्ष, निवासी पीडब्ल्यूएस 2082/2 मलोया, चंडीगढ़ (पंजाब) को दिनांक 15 दिसंबर 2025 को दोपहर 2:22 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

ट्रांजिट रिमांड पर लाया जा रहा आरोपी
मामला अजमानतीय होने एवं दूरी अधिक होने के कारण पटियाला हाउस कोर्ट, नई दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को माननीय न्यायालय राजनांदगांव में प्रस्तुत किया जा रहा है।