back to top

राजनांदगांव: बिक्री से पहले ही राजनांदगांव पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध शराब रैकेट ध्वस्त…

राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मध्यप्रदेश निर्मित अवैध शराब के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। डोंगरगढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाई गई नॉन ड्यूटी पेड शराब की बिक्री से पहले ही साजिश नाकाम कर दी गई।

Advertisements

पुलिस को 17 दिसंबर 2025 को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि ग्राम मुसराखुर्द, शीतला मंदिर के पास एक मकान में अवैध शराब का भंडारण कर उसे बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में तत्काल संयुक्त टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बीरबल वर्मा (45 वर्ष) निवासी ग्राम मुसराखुर्द एवं चन्द्रकांत उर्फ सोनू सेन (28 वर्ष) निवासी ग्राम छीपा, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई। आरोपियों की निशानदेही पर तीसरे आरोपी बलबीर सिंह भाटिया, निवासी देवरी (महाराष्ट्र) को भी गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 161 नग जम्मू स्पेशल व्हिस्की (28.980 बल्क लीटर) और 187 नग बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की (33.660 बल्क लीटर) बरामद की। शराब की बोतलों पर छत्तीसगढ़ आबकारी के नकली स्टीकर और ढक्कनों पर मध्यप्रदेश आबकारी की सील पाई गई, जिससे स्पष्ट हुआ कि शराब को अवैध रूप से छत्तीसगढ़ में बेचने की पूरी तैयारी थी।

इसके साथ ही बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर मोपेड, मोबाइल फोन, भारी मात्रा में नकली स्टीकर, लेबल, लोहे के औजार, कैंची और शराब बिक्री से प्राप्त नकद राशि भी जब्त की गई। चन्द्रकांत उर्फ सोनू के कब्जे से 1860 नग नकली जम्मू व्हिस्की के स्टीकर और अन्य ब्रांड के नकली लेबल बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि राजपाल सिंह भाटिया, निवासी देवरी (महाराष्ट्र) द्वारा शराब और नकली लेबल उपलब्ध कराए गए थे। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज हैं। मामले में संगठित अपराध की धाराओं के तहत विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59-क एवं बीएनएस की धारा 339, 336(3), 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।

जप्ती का संक्षिप्त विवरण
कुल शराब मात्रा – 62.64 बल्क लीटर
कुल शराब कीमत – ₹39,329
शराब बिक्री रकम – ₹12,200
कुल जप्ती कीमत – ₹1,38,529

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डोंगरगढ़ निरीक्षक संतोष जायसवाल, प्रभारी साइबर सेल निरीक्षक विनय पम्मार सहित डोंगरगढ़ थाना व साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page