
कलेक्टर ने ली समय सीमा की बैठक
-बैठक में लंबित प्रकरणों, निर्धारित कार्य योजनाओं के साथ ही विकास कार्यक्रमों की समीक्षा
-धान पंजीयन के लिए किसानों को करें प्रोत्साहित
-बजट में स्वीकृत निर्माण कार्यों को दे प्राथमिकता
-गोधन न्याय योजना अंतर्गत क्रय किए गए मशीनों सही उपयोग हो यह सुनिश्चित करें
मोहला 12 सितम्बर 2023। कलेक्टर श्री एस जयवर्धन ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों की समय सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न कार्य योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि विभागों में लंबित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय सीमा में निराकरण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर ने खरीफ फसल के अंतर्गत धान खरीदी हेतु किसानों का धान पंजीयन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी पात्र किसान धान बेच सके, यह सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल करते हुए सभी किसानों का अनिवार्य रूप से पंजीयन कार्य पूर्ण करें।
उन्होंने अब तक धान पंजीयन हेतु पंजीकृत किसानों की जानकारी लेकर छूटे हुए शेष सभी पात्र किसानों का शीघ्र ही पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण कर लेने कहा है। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पूर्व वर्षों में प्रति एकड़ 15 क्विंटल की दर से धान की खरीदी हो रही थी। इस वर्ष किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल की दर से धान के खरीदी की जानी है। इसके लिए कलेक्टर ने सहकारिता विभाग को पर्याप्त संख्या में बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी के दौरान सभी किसानों से सुगमता पूर्वक धान खरीदी हो सके, इसकी व्यापक व्यवस्था भी अभी से कर ली जाए। बैठक में कलेक्टर ने जिले के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यक्रमों के लिए बजट में शामिल सभी निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय सीमा में प्रारंभ कर पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों का समय में पूर्ण करना संबंधित विभाग के अधिकारियों की महती जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने कहा कि समय सीमा में निर्माण कार्यों को गति नहीं देने और अकारण निर्माण कार्यों को रोके रखने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के नगर पंचायत एवं बड़े ग्रामों में कचरा संग्रहण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए खरीदे गए ई रिक्शा का सदुपयोग करते हुए कचरा संग्रहण का कार्य महिला समूह के माध्यम से करने कहा है। कलेक्टर ने कहा कि ई-रिक्शा के माध्यम से सुगमता पूर्वक एक ओर जहां कचरा संग्रहण का कार्य हो सकेगा वही स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में कारगर साबित होगा।
कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोठानों में गोठान समिति एवं महिला समूह के लिए विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए खरीदे गए मशीनों का सदुपयोग करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि योजना अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए जो भी मशीनो की खरीदी किया गया है। इसका उद्देश्य पूर्ण हो और मशीन का संचालन सही ढंग से हो या सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिलाधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता से करते हुए योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों को मूर्त रूप देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नवीन जिला के लिए एक अवसर है कि सभी योजनाओं का मूर्त रूप से क्रियान्वयन करते हुए जिले को अग्रणी बनाने के लिए हम अपनी महती जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
बैठक में डीएफओ श्री डी.पी साहू, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुश्री दीप्ति गौते, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हेमंत ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रेमलता चंदेल, एसडीएम मोहला डॉ.हेमेंद्र भूआर्य, एसडीएम मानपुर अमित योगी समेत जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।









































